कला-सृजन, पुस्तकें और अध्ययनशील चेतना समृद्ध कलात्मक अभिव्यक्ति के लिए ज्ञान, संवेदना और व्यापक जीवन-दृष्टि की आवश्यकता अनिल कुमार सिन्हा चर्चित चित्रकार, लेखक एवं चिंतक कला-सृजन केवल रंगों को कैनवास पर बिखेर देने, रेखाओं को आकार देने अथवा दृश्य सौंदर्य की रचना करने की प्रक्रिया नहीं है। यह कलाकार के भीतर संचित अनुभवों, संवेदनाओं, विचारों, कल्पनाओं और जीवन-बोध का साकार रूप है। किसी कलाकृति में जो दिखाई देता है, उसके पीछे बहुत कुछ ऐसा भी होता है जो प्रत्यक्ष नहीं होता। कलाकार का अध्ययन, उसका परिवेश, उसकी वैचारिक परिपक्वता, सामाजिक चेतना और जीवन के प्रति उसका दृष्टिकोण अनजाने ही उसकी कलात्मक अभिव्यक्ति का हिस्सा बन जाते हैं। मेरी दृष्टि में कला-सृजन के साथ-साथ विभिन्न विषयों की पुस्तकों का अध्ययन कलाकार के व्यक्तित्व और उसकी सृजनात्मक चेतना को समृद्ध करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। कलाकार जितना अधिक पढ़ता है, उसके भीतर विचारों और कल्पनाओं की उतनी ही नई खिड़कियाँ खुलती हैं। पुस्तकें उसे केवल ज्ञान नहीं देतीं, बल्कि देखने, सोचने, प्रश्न करने और जीवन को नए अर्थों में समझने की द...